रांची (झारखंड) - द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश की पहली आदिवासी महिला गवर्नर बनीं। उन्होंने झारखंड की नौवीं राज्यपाल के रूप में शपथ ली। वह 15 साल पुराने इस राज्य की पहली महिला गवर्नर हैं। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस वीरेंद्र सिंह ने उन्हें राजभवन के बिरसा मंडप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। द्रौपदी मुर्मू ने अंग्रेजी में शपथ ली। ओडि़शा के मयूरभंज जिला की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू ओडिशा में दो बार रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रही हैं।
वह भाजपा-बीजू जनता दल की ओडिशा में बनी गठबंधन सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। 51 साल की द्रौपदी मुर्मू श्याम चरण मुर्मू की पत्नी हैं। राज्यपाल मुर्मू के होमटाउन मयूरभंज और ओडिशा के अन्य भागों से करीब 500 लोग उनका शपथ ग्रहण देखने रांची पहुंचे। जिसके लिए बिरसा मंडप में अलग से व्यवस्था की गई थी। रविवार को रांची पहुंची मुर्मू को सबसे पहले टीवी के जरिए राज्यपाल बनाए जाने की खबर मिली थी। उन्होंने बताया कि पहले तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का सरप्राइज गिफ्ट है, जिसे कभी सपने में भी नहीं सोचा था।