Revealed: SP to Shashimohn Kill was Of twenty crore Betal
Admin | 16 November, 2015 | 656 | 3980
राजनांदगांव - राजनांदगांव में पिछले दिनों हुए गोलीकांड के आरोपी घनश्याम विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घनश्याम राजनांदगांव में युवक कांग्रेस का उपाध्यक्ष है। पूछताछ में उसने बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि चिटफंड कंपनियों ने एडिशनल एसपी शशिमोहन सिंह को जान से मारने के लिए दो करोड़ की सुपारी दी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शहर में 27 जुलाई को फौव्वारा चौक पर गोली चली थी। गोलीकांड का मास्टर माइंड घनश्याम विश्वकर्मा था। इसके बाद वह फरार था। पुलिस ने 12 नवंबर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में घनश्याम ने गोलीकांड की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने पुलिस को बताया कि चिटफंड कंपनी वाले शशिमोहन सिंह को मारना चाहते थे। डेढ़ साल पहले जिले की दो चिटफंड कंपनियों के संचालकों ने एएसपी शशिमोहन सिंह को जान से मारने के लिए दो करोड़ रुपए देने का ऑफर दिया था। हालांकि इस ऑफर को लेकर दोबारा बात नहीं हो पाई। बयान में यह बात सामने आने के बाद पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक घनश्याम ने सांई प्रकाश और भूमि डेकॉन कंपनी का नाम लिया है। पुलिस इसे इसलिए भी गंभीरता से ले रही है क्योंकि डेढ़ साल पहले जिला पुलिस और प्रशासनिक अमले ने चिटफंड कंपनियों पर लगातार कार्रवाई की थी। उस दौरान तकरीबन आधा दर्जन कंपनियों में दबिश भी दी गई थी। ये दो कंपनियां भी उनमें से ही थीं। माना जा रहा है कि उस समय ही कंपनियों ने आरोपी घनश्याम को यह ऑफर दिया होगा। हालांकि पुलिस उसके बयान के आधार पर जांच कर रही है।
ये थी 27 जुलाई की घटना
फौव्वारा चौक में 27 जुलाई की शाम तकरीबन 7 बजे चार आरोपियों ने नीतिन लींबू को गोली मारी थी और फरार हो गए। घटना के बाद दो आरोपी सैंकी और जुगल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब तीसरा आरोपी घनश्याम भी पकड़ा गया। अभी भी दो आरोपी रोहित मेश्राम और सोनू थापा फरार हैं। इनमें से सोनू थापा ने ही गोली चलाई थी।
पुलिस लगातार चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करती आ रही है। आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद अपने बयान में जान से मारने और उसके एवज में रुपए देने की बात की है। कंपनी संचालकों से पूछताछ की जाएगी। - शशिमोहन सिंह, एएसपी, राजनांदगांव
आरोपी की गिरफ्तारी गोलीकांड मामले को लेकर हुई है, लेकिन उसने अपने बयान में दूसरे मामलों की भी जानकारी दी है, इसमें गंभीर बातें भी सामने आई हैं। इस बारे में पूरी जानकारी ली जा रही है। सभी चीजों की जांच की जाएगी। - सुंदरराज पी., एसपी, राजनांदगांव