धनबाद। करीब 18 हजार करोड़ रुपये का गबन करने वाली नॉन बैंकिंग कंपनी बेसिल इंटरनेशनल के सीएमडी विवेक कुमार अग्रवाल को बैंकमोड़ पुलिस ने कोलकाता से दबोच लिया है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर धनबाद, झारखंड ले आई है। उससे पूछताछ की जा रही है। बेसिल के नामजद 41 आरोपियों में से अब तक चार को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बैंकमोड़ थाने में सात अगस्त 2014 को बेसिल इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस आनंद मिश्रा, सुशांतो चटर्जी और अशोक नारायण प्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ में विवेक ने बताया कि कंपनी लगभग आठ राज्यों में अपना कारोबार फैला चुकी थी। इनमें झारखंड, बिहार, बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड आदि हैं।
फिलहाल सभी स्थानों पर कंपनी बंद हो चुकी है। एक अनुमान के मुताबिक कंपनी के पास 18 हजार करोड़ से भी अधिक रुपये बकाया है, जबकि वर्तमान में कंपनी के पास एक हजार करोड़ की संपत्ति है। विवेक कुमार अग्रवाल के पिता शंभू प्रसाद अग्रवाल पतरातू में विद्युत विभाग के अभियंता पद से सेवानिवृत हुए हैं। इसके बाद वह मथुरा में जाकर बस गए। विवेक का नोएडा, दिल्ली और कोलकाता में आलीशान घर है।