नई दिल्ली। देश के सबसे अमीर उद्योगपति हैं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, फोर्ब्स की लिस्ट में 21 अरब डॉलर की मिल्कियत के साथ भारत में नंबर वन पर हैं मुकेश। वहीं दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी पद पर कायम हैं बिल गेट्स। फोर्ब्स की 2015 के भारत में इस वर्ष अरबपतियों की संख्या 90 पहुंच गई, जिसमें मुंकेश अंबानी एक बार फिर शीर्ष पर पहुंच गए। फोर्ब्स द्वारा जारी वार्षिक सूची में भारतीय अरबपतियों में इस बार 28 नए अरबपति शामिल हुए हैं।
फोर्ब्स द्वारा सोमवार को जारी अरबपतियों की सूची के अनुसार, पिछले 21 वर्षों में अमेरिकी अरबपति बिल गेट्स 16वीं बार दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बनकर उभरे। बिल गेट्स की पिछले वर्ष की 76 अरब डॉलर की संपत्ति इस वर्ष बढ़कर 79.2 अरब डॉलर हो गई और वह लगातार दूसरे वर्ष दूरसंचार दिग्गज कार्लोस स्लिम हेलू को पछाड़ने में सफल रहे।
हेलू की संपत्ति पिछले वर्ष 72 अरब डॉलर से बढ़कर इस वर्ष 77.1 अरब डॉलर हो गई। दुनिया के सबसे अमीर आदमी रह चुके वारेन बफेट इस वर्ष एक स्थान ऊपर उठकर तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। बफेट की मौजूदा संपत्ति 72.7 अरब डॉलर की है। स्पेन के कपड़ा व्यवसायी एमानसियो ओरटेगा 64.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति रहे।
इस सूची में पांचवें स्थान पर ओरेकल के मालिक लैरी एलिसन हैं। एलिसन की संपत्ति 54.3 अरब डॉलर की है। दुनिया के सर्वाधिक रईसों की इस सूची में अमेरिका 536 अरबपतियों के साथ शीर्ष पर है, जबकि 213 अरबपतियों के साथ चीन दूसरे जबकि 103 अरबपतियों के साथ जर्मनी और 90 अरबपतियों के साथ भारत चौथे स्थान पर है।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अकेले 131 अरबपति हैं जो अमेरिका और चीन के बाद दुनिया के किसी भी देश से अधिक है। पूरी दुनिया में इस वर्ष रईसों की सूची में 290 अरबपतियों का इजाफा हुआ, जो अब तक का सर्वाधिक है।