Kushwaha's arrest after news of the brothers run abroad
Admin | 02 May, 2016 | 1018 | 3980
रायपुर.छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में करोड़ों की ठगी करने वाली चिटफंड कंपनी गरिमा रियल एस्टेट के डायरेक्टर और राजस्थान से बसपा विधायक बनवारी लाल कुशवाहा की गिरफ्तारी के बाद उसके दोनों भाइयों के विदेश भागने की खबर है। तेलीबांधा थाने में दर्ज मामले में इन दोनों को भी आरोपी बनाया गया था और दोनों ही दो साल से वांटेड हैं। फिलहाल दोनों के नेपाल में होने की पुख्ता सूचना है। इसलिए रायपुर पुलिस ने इंटरपोल से मदद मांगी है।
विधायक की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने चिटफंड मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और तलाश तेज कर दी है। एडिशनल एसपी राकेश भट्ट के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। इसमें सभी थानों के जांच अफसरों को रखा गया है।
चिटफंड कंपनियों के फरार डायरेक्टरों के बारे में हर हफ्ते इस टीम से अपडेट लिया जाएगा। आरोपियों की संपत्ति की पड़ताल भी की जा रही है। गौरतलब है, राजधानी में अब तक 68 चिटफंड कंपनी के खिलाफ एफआईआर हो चुकी है। इनमें अधिकांश के डायरेक्टरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ब्रांच मैनेजर भी फरार
पुलिस ने बताया कि गरिमा कंपनी के डायरेक्टर शिवराम कुशवाहा और बालकिशन कुमार फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस मध्यप्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड समेत कई राज्यों में छापे मार चुकी है। एक-दो जगह तो छापे के ठीक पहले दोनों के भागने की सूचना मिली। हाल में पुलिस के पास खबर आई है कि दोनों नेपाल में हैं। इसी तरह, गरिमा कंपनी में डायरेक्टर के अलावा ब्रांच मैनेजर और कुछ एजेंटों को भी आरोपी बनाया गया है। ये भी फरार हैं, तलाश शुरू की गई है।
करोड़ों की संपत्ति
जांच में अफसरों को पता चला है कि गिरफ्तार किए गए विधायक और उसके भाइयों की राजस्थान में करोड़ों की संपत्ति है। खुद के दो बंगलों के अलावा राजस्थान और कई राज्यों में कीमती प्रापर्टी हैं। कंपनी ने दिल्ली को मुख्यालय बनाया था, वहां के दफ्तर में चार साल से ताला लगा है। पुलिस आरोपी भाइयों की पूरी संपत्ति को सूचीबद्ध करके उसे राजसात करने के लिए कोर्ट में केस लगाएगी। पुलिस को आशंका है कि चिटफंड कंपनी के पैसे से ही विधायक बनवारी लाल ने चुनाव लड़ा और जीता था। इस अंदेशे की इसलिए जांच की जा रही है कि दूसरे राजनीतिज्ञ भी शामिल हैं या नहीं।