भारत और पाकिस्तान के बीच सरहद जमीन को तो बांट सकती है मगर दिलों को बांटना उसके बस में नहीं है।
इसकी ताजा मिसाल शुक्रवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में देखने को मिली। यहां के कनौता राजपरिवार की बेटी पद्मिनी कुमार सिंह की शादी पाकिस्तान के उमरकोट के राजघराने में हुई।
राणा हमीर सिंह के पुत्र कुंवर करणी सिंह सोढा की बारात गुरुवार को कनौता पहुंची और शुक्रवार को पद्मिनी से उनका विवाह हुआ। सोढा परिवार पाकिस्तान के चुनिंदा प्रतिष्ठित हिंदू राजपूत परिवारों में से एक है।
करणी सिंह के दादा राणा चंद्र सिंह पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। करणी सिंह के परिवार ने 1540 में शेर शाह सूरी से हारने के बाद हुमायूं को अपने यहां शरण दी थी। उमरकोट किला सोढा परिवार की संपत्ति है। यहीं मुगल सम्राट अकबर का जन्म हुआ था।
विवाह समारोह होटल नारायण निवास में हुआ। इस शादी में शामिल होने के लिए पाकिस्तान 120 बाराती आए थे। कानोता के सरपंच ने पूरे गांव के साथ बारात का स्वागत किया।
इस बारात में उत्तरप्रदेश की बलरामपुर, आवागढम् और मैसूर रियासत सहित अन्य पूर्व राजघरानों के लोग शामिल हैं। दूल्हे का परिवार विवाह के बाद होली तक जयपुर में ठहरेगा। इससे पहले उमरकोट में हुए ‘टीका’ समारोह में एक हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।