पानीपत: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों के गिरदावरी के नाम पर प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा घोटाला होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह तथ्यों के साथ इसका खुलासा मंगलवार को चंडीगढ़ में करेंगे।
उन्होंने कहा कि फसल कट कई उसके बाद गिरदावरी कराई गई। यहां तक कि गिरदावरी के लिए गांवों में कोई कमेटी तक नहीं बनाई गई। हुड्डा सोमवार को चंडीगढ़ जाते समय स्थानीय पीडब्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 31 मई से जींद के कंडेला से किसानों के हितों की रक्षा के लिए अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान पूरे प्रदेश में तीन माह तक चलेगा। इसके बाद प्रदेश स्तरीय रैली करेंगे। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कांग्रेस मजबूत है, चुनाव में कांग्रेस कमजोर नहीं हुई है। अपने दावे के पक्ष में चुनावी आंकड़ों का सहारा लेते हुए कहा कि सत्तर के बाद जब भी कांग्रेस सरकार में रही है, उसको मिली हार में ऐसा पहली बार हुआ है कि कांग्रेस के पास 15 सीटें हैं। अन्यथा यह आंकड़ा, पांच या नौ हुआ करती थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक तंवर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं इस नाते वह कांग्रेस के बड़े नेता हैं। कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी को नकारते हुए कहा कि कांग्रेस की नेता सोनिया और राहुल गांधी हैं। भूपेंद्र सिंह एक समर्पित सिपाही है। हुड्डा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर किसानों को कम मुआवजा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मेरी सरकार की तुलना में सिर्फ 200 रुपया अधिक मुआवजा दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले मुआवजे के लिए 36 फीसद राशि देती थी और 64 फीसद राशि का योगदान प्रदेश सरकार का होता था। अबकी बार ऐसा नहीं हुआ है। सरकार को चाहिए था कि वह किसानों को 25 से 30 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा देती, लेकिन ऐसा नहीं कर उसके साथ छलावा किया है।
गेस्ट टीचर से संबंधित प्रश्न के उत्तर में कहा कि चुनाव से पूर्व भाजपा ने वादा किया था कि सरकार में आते ही नियमित कर देगी। अब अपने वादे से क्यों पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि छह माह के कार्यकाल पर मुख्यमंत्री कहते हैं कि पांच साल के बराबर कार्य कर दिया, वहीं उनके एक मंत्री कहते हैं कि एक साल के बराबर कार्य कर दिया। ऐसे में आप ही बताएं कि सरकार ने कितना कार्य किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर एक भी वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने से कोई दोषी नहीं हो जाता है। इस अवसर पर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर, वीरेंद्र उर्फ बुल्ले शाह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।