बिलासपुर. श्रीकांत वर्मा मार्ग पर चिटफंड कंपनी का दफ्तर खोलकर लोगों को रकम दो गुना करने का झांसा देकर भागने वाले कंपनी संचालक व उसकी महिला पार्टनर को पुलिस ने दिल्ली के पीतमपुरा इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बिलासपुर समेत प्रदेश के अंबिकापुर और कोरबा में भी चिटफंड कंपनी का दफ्तर खोलकर ठगी की थी।
पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। तारबाहर पुलिस के अनुसार श्रीकांत वर्मा मार्ग पर मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी मनीष पिता बृजेश कुमार निगम (28) व उसकी सहयोगी दीपा पिता सतीश कुमार निगम (27) निवासी राजाजी पुरम लखनऊ ने वर्ष 2013 में रेनाट्स सहकारी साख समिति के नाम से चिटफंड कंपनी खोली थी।
दोनों ने लोगों को राशि जमा करने पर हर महीने ब्याज देने और दो साल में राशि दो गुना कर देने का झांसा दिया। मनीष व दीपा के झांसे में आकर शहर के करीब 39 लोगों ने कंपनी के खाते में करीब 40 लाख रुपए जमा कर किए। मार्च 2014 में मनीष और दीपा अचानक कंपनी बंद करने के बाद लोगों का पैसा लेकर भाग गए।
कंपनी में रकम जमा करने वाले नर्मदानगर निवासी अभिषेक पिता लखनलाल दुबे (39) को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया था। तब से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।
दिल्ली में खोली दो कंपनियां
आरोपियों का सुराग तारबाहर पुलिस को दिल्ली में मिला। आरोपी मनीष और दीपा दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में रेबिस इंटरनेशनल कंपनी और ओवरसीज एडवरटाईजर्स नाम से दो कंपनियां चला रहे थे। यह कंपनियां लोगों को रोजगार देने और विदेश जाने वालों के लिए वीजा और पासपोर्ट बनवाने का काम करती थी।
इस काम में बेरोजगारों और वीजा व पासपोर्ट बनवाने में सहयोग करने पर उनसे कमीशन लेते थे। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को बिलासपुर लेकर पहुंची। आरोपियों को पुलिस ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
कोरबा और सरगुजा में भी की धोखाधड़ी
आरोपियों ने पूछताछ में बताया बिलासपुर के साथ कोरबा और सरगुजा में भी चिटफंड कंपनी खोलने के बाद लोगों से रकम जमा करवाई गई थी। यहां के लोगों से एक करोड़ से अधिक राशि कंपनी के खाते में जमा करवाने के बाद दोनों फरार हो गए थे। पीडि़तों की शिकायत पर कोरबा के बांकीमोंगरा व सरगुजा के गांधीनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।
और भी हैं कई चिटफंड कंपनी के संचालक फरार
शहर में चिटफंड कंपनी खोलकर लोगों को रकम दो गुना करने का झांसा देकर रुपए जमा कराने के बाद कंपनी बंद पर भागने वालों की लंबी फेहरिस्त है। व्यापार विहार में फ्यूचर रेडी नाम से खुली चिटफंड कंपनी के तीन मालिकों में से एक मालिक के पकड़े जाने के बाद दो मालिक दफ्तर बंद कर भाग गए हैं। इन्हे पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है।
सिविल लाइन सीएसपी लखन पटले का कहना है कि चिटफंड कंपनी की आड़ में लोगों का पैसा लेकर भागने वालों को पकडऩे के लिए दूसरे प्रदेश की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। रेनाट्स चिटफंड कंपनी के संचालक भी दूसरे स्टेट की पुलिस के सहयोग से पकड़े गए हैं। दूसरे मामलों के आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
See Also: चिट फंड सोसाइटी के दफ्तर में ताला तोड़कर चोरी