Chit fund companies to escape the police clues
Admin | 24 December, 2015 | 742 | 3980
![Chit fund companies to escape the police clues Chit fund companies to escape the police clues]()
अंबिकापुर - शहर सहित जिलेे में अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से लाखों रूपए वसूलने के बाद कई चिटफंड कंपनियां लापता हो गई हैं। एक दर्जन कंपनियों को नोटिस जारी की गई थी लेकिन कई कंपनियों ने अब तक जवाब नहीं दिया है। दो कंपनियों का स्थानीय कार्यालय 6 महीने से सील है। तीन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। पुलिस इन कंपनियों से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। सरगुजा में चिटफंड कंपनियों ने अपना गढ़ बना लिया है। पिछले कुछ महीने में एक दर्जन से अधिक कंपनियों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस तक शिकायत आई है।
लोगों का कहना है कि कंपनियों द्वारा पेंशन सहित कई तरह के प्रलोभन देकर राशि जमा कराई गई थी लेकिन कई महीने बीत गए और अब तक एक बार भी मुनाफे की राशि नहीं मिली। कई कंपनियों के लोग भी नहीं मिल रहे हैं।
शिकायत पर पुलिस कंपनियों की छानबीन कर रही है लेकिन कई कंपनियों का सुराग नहीं मिल रहा है। किराए के एक-दो कमरे में कार्यालय खोले गए थे। लोगों का कहना है कि कई कंपनियों के कार्यालय में ताले लगे हुए हैं। कंपनियों द्वारा अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता है जिसके चक्कर में आकर लोग फंस जाते हैं। कई कंपनियों के खिलाफ शिकायत के बाद भी लोग सजग नहीं हुए और दूसरी कंपनियों में लाखों रूपए जमा कर दिए। ठगी के बाद लोग जब प्रशासन और पुलिस के पास पहंुच रहे हैं तो इसका खुलासा हो रहा है।
सीधे एफआईआर की तैयारी
चिटफंड कंपनियों के खिलाफ शिकायत पर अब सीधे एफआईआर की तैयारी है। जिले में कई कंपनियों के खिलाफ शिकायत मिली है। संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी की गई है लेकिन इनमें से कुछ कंपनियों का ही जवाब आया है। इसकी पड़ताल की जा रही है। कई कंपनियों ने अब तक जवाब नहीं दिया है। ऐसी कंपनियों के खिलाफ एफआईआर कराएंगे। -लाजरुस मिंज, ट्रेजरी आफिसर
कोलकाता की कंपनी ने वसूले 56 लाख रुपए
कोलकता की एक कंपनी द्वारा लोगों से करीब 56 लाख रूपए वसूल लिए गए हैं। कंपनी का पता नहीं चल रहा है। कंपनी के एजेंट ही कंपनी को खोज रहे हैं। एजेंटों द्वारा थाने में की गई शिकायत में करीब साढ़े तीन सौ लोगों से 56 लाख रूपए से अधिक वसूले जाने का जिक्र है। 344 लोगों से ये रूपए जमा कराए गए थे। एजेंटों का कहना है कि राशि कंपनी द्वारा दिए गए खाते में जमा की गई थी। एजेंटों की शिकायत पर पुलिस संबंधित कंपनी टीसा एग्रो प्रोजेक्ट इडिण्या लिमिटेड, थाना स्टेशन रोड, बेलघरिया, कोलकाता की तलाश कर रही है।
छह महीने से सील है कार्यालय
जिला कोषालय अधिकारी के अनुसार शहर में दो कंपनियों का कार्यालय पिछले छह महीने से सील है। अनमोल एग्रो व बीएन गोल्ड नामक इन कंपनियों के शहर के नवापारा में उर्सु लाइन स्कूल और बस स्टैंड के पास कार्यालय हैं। लोगों की शिकायत पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के छापे के बाद कार्यालय सील किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि कार्यालय से जो दस्तावेज मिले थे उनमें कई विसंगतियां थी। कंपनियों को नोटिस जारी की गई थी लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है।
जालसाजी