कोलकाता। मशहूर टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में द्रौपदी का किरदार निभाकर अपार लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री रूपा गांगुली बुधवार को भाजपा में शामिल हो गई।
हावड़ा के शरत सदन में आयोजित प्रदेश भाजपा व्यवसायी प्रकोष्ठ के कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वित्तामंत्री अरुण जेटली की उपस्थिति में रूपा गांगुली ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान अरुण जेटली व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रूपा ने भाजपा नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद ही पार्टी में शामिल होने का फैसला किया था। रूपा गांगुली भाजपा में शामिल होने वाली पश्चिम बंगाल की तीसरी ऐसी सेलिब्रिटी हैं जिनकी लोकप्रियता पूरे देश में है। इससे पहले गायक बाबुल सुप्रियो और कुमार शानू भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। इस अवसर पर रूपा गांगुली के साथ युवा फुटबाल खिलाड़ी कल्याण चौबे भी भाजपा में शामिल हुए। उन्हें भी केंद्रीय वित्तामंत्री अरुण जेटली व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने झंडा थमाकर पार्टी में स्वागत किया।